कन्या विद्यालय के सामने फिर अतिक्रमण, छात्राओं को हो रही परेशानी

चितरंगी (सिंगरौली)। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी के सामने एक बार फिर अतिक्रमण की समस्या खड़ी हो गई है। कुछ समय पहले उपखंड प्रशासन द्वारा कार्रवाई कर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, लेकिन अब स्थिति दोबारा पूर्व जैसी हो गई है।
बताया जा रहा है कि तहसीलदार के स्थानांतरण के बाद व्यापारियों ने फिर से विद्यालय के सामने अतिक्रमण कर लिया है। इससे छात्राओं और आम नागरिकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अतिक्रमण के चलते स्कूल के सामने अक्सर यातायात बाधित रहता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि जब तक अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक यह समस्या बार-बार सामने आती रहेगी।











