कोयलखूंथ में क्षत्रिय कुलावंत संगठन की अहम बैठक, महाराणा प्रताप जयंती भव्य रूप से मनाने की तैयारी शुरू

सिंगरौली। महाराणा प्रताप जयंती के भव्य आयोजन के लिए बैठक की शुरुआत हो चुकी है। इसी क्रम में गुरुवार को क्षत्रिय कुलावंत संगठन द्वारा कोयलखूंथ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। बैठक में महाराणा प्रताप जयंती को इस वर्ष भव्य, आकर्षक और ऐतिहासिक स्वरूप में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षत्रिय कुलावंत संगठन के संस्थापक अंकित सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि जयंती आयोजन के माध्यम से समाज में एकता और जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। साथ ही सभी सदस्यों से जिम्मेदारीपूर्वक अपनी भूमिका निभाने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
संगठन के सचिव दशरथ सिंह भाटी ने बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने महाराणा प्रताप के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए उनके संघर्ष, पराक्रम और त्याग की गाथाओं को याद किया और युवाओं से उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।उपाध्यक्ष सतेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती ही बड़े आयोजनों की सफलता की कुंजी होती है। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने की अपील की।
तहसील अध्यक्ष विकेश सिंह ने स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर गांव और क्षेत्र से समाज के लोगों को जोड़कर इस आयोजन को जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाएगा।बैठक में सक्रिय सदस्य दीपक सिंह एवं मनोज सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए जयंती को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान बैठक में क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। सदस्यों ने इन मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन तक प्रभावी ढंग से अपनी बात पहुंचाने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया।
बैठक में संगठन की एकजुटता और सक्रियता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोहित सिंह, अंशु सिंह, विकेश सिंह, अंकित सिंह, दशरथ सिंह, सतेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, संजीव सिंह, जोगिंदर सिंह, उदय सिंह, विजय कुमार शाह, जवाहर सिंह, कृष्णा सिंह, हरिनारायण सिंह, रामप्रकाश पाल, मनोज कुमार सिंह एवं दीपक सिंह सहित अनेक सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।अंत में सभी सदस्यों ने एक स्वर में आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया और समाज की एकता को और मजबूत करने का संदेश दिया।













