मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली नगर निगम: बजट बैठक में हंगामा, पार्षद की खरी-खोटी के बाद भाजपा विधायक ने छोड़ा सदन

सिंगरौली: सिंगरौली नगर निगम की बुधवार को आयोजित बजट बैठक में जमकर हंगामा हुआ। बैठक के दौरान भाजपा विधायक रामनिवास शाह और एक पार्षद के बीच हुई तीखी बहस से सदन का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। नौबत यहां तक आ गई कि पार्षद की दो-टूक टिप्पणी के बाद विधायक को बैठक बीच में ही छोड़कर बाहर जाना पड़ा।

बार-बार हस्तक्षेप से बाधित हो रही थी कार्यवाही
नगर निगम परिषद की इस बैठक में विधायक रामनिवास शाह ‘संरक्षक’ के रूप में मौजूद थे। बजट सत्र पर चर्चा चल रही थी, इसी दौरान विधायक बार-बार बीच में बोल रहे थे। वे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने और निगम की कमाई बढ़ाने जैसे मुद्दों पर अपनी बात रख रहे थे। विधायक के इस तरह बार-बार हस्तक्षेप करने से बैठक की सुचारू कार्यवाही में रुकावट आ रही थी।

पार्षद ने कहा – “अंत में रखें अपनी बात”
विधायक का यह तरीका वार्ड नंबर 45 के पार्षद रामगोपाल पाल को रास नहीं आया और उन्होंने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। पार्षद ने विधायक को टोकते हुए स्पष्ट कहा कि एक संरक्षक होने के नाते उन्हें पूरी चर्चा खत्म होने का इंतजार करना चाहिए और सबसे आखिर में अपनी बात रखनी चाहिए। बात यहीं खत्म नहीं हुई, पार्षद पाल ने तंज कसते हुए यह भी कह दिया कि पहले कभी किसी विधायक ने इस तरह का व्यवहार नहीं किया है।

चुपचाप बैठे, फिर छोड़कर चले गए बैठक
पार्षद रामगोपाल पाल की इस दो-टूक टिप्पणी के बाद सदन में अचानक सन्नाटा छा गया और विधायक रामनिवास शाह चुपचाप अपनी सीट पर बैठ गए। हालांकि, इस घटना के कुछ ही देर बाद वे सदन की बैठक को बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गए। उनके जाने के बाद कुछ देर तक सदन का माहौल गरमाया रहा, लेकिन बाद में परिषद की कार्यवाही वापस सामान्य रूप से शुरू हो गई।

Author

Related Articles

Back to top button