सिंगरौली में निजी स्कूलों की होगी जांच, 7 दिन में मांगी गई रिपोर्ट

सिंगरौली/चितरंगी। जिले के चितरंगी क्षेत्र में संचालित निजी विद्यालयों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। उपखण्ड अधिकारी (राजस्व) चितरंगी द्वारा जारी आदेश के अनुसार क्षेत्र के सभी प्राइवेट स्कूलों की जांच कराई जाएगी।जारी निर्देशों में कहा गया है कि उपखण्ड चितरंगी अंतर्गत संचालित निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली, मान्यता और शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप उनकी स्थिति का परीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) चितरंगी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे क्षेत्र के सभी निजी विद्यालयों की विस्तृत जांच कर 7 दिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जांच के दौरान स्कूलों की मान्यता, आधारभूत सुविधाएं, शिक्षकों की योग्यता एवं नियुक्ति प्रक्रिया, साथ ही शासन के दिशा-निर्देशों के पालन की स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा।
इस आदेश की प्रति कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है, जिससे स्पष्ट है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।प्रशासनिक सख्ती के संकेत साफ हैं—यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित निजी विद्यालयों पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।













