मध्य प्रदेशसिंगरौली

लोकसभा में उठा औद्योगिक कॉरिडोर का मुद्दा, बरगवां–कटनी मार्ग के उन्नयन की मांग

सिंगरौली। सिंगरौली-सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान क्षेत्रीय विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने बरगवां से कटनी तक के मार्ग को औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने तथा इसे राष्ट्रीय राजमार्ग में उन्नयन कर फोरलेन सड़क निर्माण कराने की मांग की।

सांसद ने बताया कि प्रस्तावित मार्ग में परसौना, रजमिलान, सरई, टिकरी, मड़वास, मझौली, ब्यौहारी एवं विजयसोता जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं, जो औद्योगिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस मार्ग के विकसित होने से क्षेत्र में उद्योगों का विस्तार होगा, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क के फोरलेन बनने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे आवागमन में भी काफी सुधार आएगा।

सांसद डॉ. मिश्रा ने केंद्र सरकार से इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे सीधी-सिंगरौली सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिल सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button