महदेइया रेलवे स्टेशन पर कोयला चोरी का वीडियो वायरल, मिलीभगत के आरोप

सिंगरौली। जिले के महदेइया रेलवे स्टेशन से कोयला चोरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कोयले से लदी एक रैक ट्रेन खड़ी दिखाई दे रही है, जिसमें दो दर्जन से अधिक लोग चढ़कर खुलेआम कोयला निकालते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले की पड़ताल में सामने आया है कि इस पूरे घटनाक्रम में एनसीएल सुरक्षा कर्मियों और रेलवे कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह की गतिविधियों से सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान हो रहा है और करोड़ों रुपये का कोयला अवैध रूप से बाहर भेजा जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, गोरबी क्षेत्र में सक्रिय कोल माफिया इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे हैं। आरोप है कि ये माफिया संबंधित कर्मचारियों को अनुचित लाभ देकर रैक को जानबूझकर रुकवाते हैं और फिर बड़े पैमाने पर कोयला चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। चोरी किया गया कोयला कम कीमत पर अन्य जिलों और उत्तर प्रदेश तक खपाया जा रहा है।इस पूरे मामले के सामने आने के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग क्या सख्त कदम उठाते हैं और इस संगठित कोयला चोरी पर किस तरह अंकुश लगाया जाता है।













