मंडला में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 3 युवकों की मौत; एक गंभीर

मंडला। मध्य प्रदेश के नेशनल हाईवे-30 पर मंडला-रायपुर मार्ग स्थित चारटोला के पास शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम के अनुसार, हादसा गढ़ी थाना क्षेत्र में हुआ, जबकि सभी मृतक बिछिया थाना क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों में ग्राम जामुन टोला (पंचायत करंजिया माल) के दो युवक और करंजिया माल का एक युवक शामिल है।
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, मृतकों में करंजिया माल निवासी जगदीश यादव (36) भी शामिल हैं, जो पेशे से लाइनमैन थे और काम से घर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल युवक को तत्काल बिछिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













