गुना बायपास पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, महिला की मौत; 5 घायल

गुना। मध्य प्रदेश के गुना बायपास पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। उज्जैन से ओंकारेश्वर दर्शन कर ग्वालियर जा रहा एक परिवार उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में अनीता अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में गोपाल अग्रवाल, गिरधर अग्रवाल, शिवान्य अग्रवाल, कृषिवी अग्रवाल और लोकेश द्विवेदी शामिल हैं, जिनका जिला अस्पताल गुना में इलाज जारी है।
घायल लोकेश द्विवेदी के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। कार उनके भाई चला रहे थे और सुबह करीब 8 बजे के आसपास यह दुर्घटना हुई।
बताया जा रहा है कि सभी लोग उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के निवासी हैं और ग्वालियर में एक कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













