सिलवासा में गैस गोदाम में भीषण विस्फोट: नाइट्रोजन सिलेंडर फटा, 4 की मौत; 8 गंभीर, इलाके में मची अफरा-तफरी

नई दिल्ली/सिलवासा। केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली के औद्योगिक क्षेत्र सिलवासा में शनिवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। डेमानी रोड स्थित गैस गोदाम में नाइट्रोजन सिलेंडर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह 9:15 बजे गूंजा धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 9:15 बजे गैस रिफिलिंग के दौरान यह विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि गोदाम की दीवारें और छत पूरी तरह ढह गईं। करीब 30 मीटर तक इसकी गूंज सुनाई दी, जिससे लोगों को भूकंप जैसा एहसास हुआ। आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, स्कूल के बच्चे और राहगीर घबरा गए।
राहत-बचाव में जुटी टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
सुरक्षा नियमों पर सवाल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम रिहायशी इलाके और स्कूल के बेहद करीब था। कलेक्टर प्रियांक किशोर ने जांच के आदेश दिए हैं। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो विस्फोट के कारणों और सुरक्षा मानकों की जांच करेगी।
आसपास भी हुआ नुकसान
धमाके की तीव्रता से आसपास के घरों के कांच टूट गए और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद करीब 15 मिनट तक इलाके में धूल और धुएं का गुबार छाया रहा। प्रशासन ने लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।













