मलप्पुरम में शशि थरूर के काफिले पर हमला: गनमैन की पिटाई, रोडरेज या साजिश?

मलप्पुरम। केरल के मलप्पुरम जिले में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शुक्रवार रात वांडूर के चेल्लितोडु इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनके काफिले को रोक लिया और गनमैन के साथ मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि ट्रैफिक में फंसे काफिले के ड्राइवर द्वारा हॉर्न बजाने पर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गया। आरोप है कि हमलावरों ने काफिले का पीछा कर गाड़ी को घेर लिया और सांसद के साथ बदसलूकी की कोशिश की। बीच-बचाव करने पर गनमैन को ही निशाना बनाकर पीटा गया।
घटना के बाद वांडूर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी उमर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। हमले में इस्तेमाल दो कारें भी जब्त की गई हैं और पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला महज रोडरेज है या इसके पीछे कोई राजनीतिक साजिश। चुनावी माहौल में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।













