अवैध कफ सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार, नौडिहवा पुलिस ने की कार्रवाई

सिंगरौली। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन में की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी नौडीहवा, थाना गढ़वा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोघरा निवासी फत्ते लाल बैस अवैध कफ सिरप बिक्री के लिए क्योटली की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सोन नदी घाट के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 8 नग कोडिन युक्त कफ सिरप (कीमत लगभग 1608 रुपये) बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।













