MRP से ऊपर ‘मदिरा मुनाफा’! देवसर की समदा दुकान पर खुली लूट के आरोप
₹120 की बियर ₹150 में, देसी शराब भी महंगी; रेट लिस्ट गायब, बिल नहीं—आबकारी विभाग की चुप्पी पर सवाल

सिंगरौली। देवसर क्षेत्र की समदा शराब दुकान पर नए ठेके के बाद से अवैध वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि बियर और देसी शराब पर प्रिंट रेट (MRP) से ₹20–₹30 तक अधिक वसूली की जा रही है, जबकि नियमों के अनुसार MRP से ऊपर बिक्री प्रतिबंधित है।

ग्राहकों के मुताबिक ₹120 की बियर ₹150 में और ₹70 का देसी पैवा ₹100 तक में बेचा जा रहा है। विरोध करने पर अभद्र व्यवहार की शिकायतें भी मिली हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने अधिक वसूली के UPI भुगतान के स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित रखे हैं, जिन्हें वे प्रमाण के रूप में प्रस्तुत करने की बात कह रहे हैं।
आबकारी नियमों के तहत दुकान पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करना और बिल देना अनिवार्य है, लेकिन यहां दोनों ही गायब बताए जा रहे हैं। पारदर्शिता के अभाव में ग्राहकों से मनमानी वसूली किए जाने के आरोप लग रहे हैं।जब उपभोक्ताओं ने बढ़ी कीमतों पर सवाल उठाए, तो कर्मचारियों ने “ऊपर से आदेश” होने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। सूत्रों का दावा है कि पुराने स्टॉक को भी नई दरों पर बेचा जा रहा है।दुकान परिसर के आसपास गंदगी की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। स्वच्छता मानकों की अनदेखी से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय नागरिकों ने आबकारी विभाग से तत्काल कार्रवाई, रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने, बिलिंग अनिवार्य करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। अब निगाहें जिला प्रशासन पर हैं कि इस मामले में कब और क्या कार्रवाई होती है।













