सिंगरौली में ‘ड्रग फ्री मिशन’ की शुरुआत, 3 साल में नशामुक्ति का लक्ष्य; पुलिस ने बनाई सख्त रणनीति

सिंगरौली। जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने ‘ड्रग फ्री मिशन’ की शुरुआत कर दी है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर नारकोटिक्स के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। यह अभियान पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत संचालित किया जा रहा है, जिसमें आगामी तीन वर्षों में जिले को ड्रग्स मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति सहित सभी एसडीओपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले में ड्रग हॉटस्पॉट, तस्कर, बिचौलियों और आदतन अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही केवल छोटे आरोपियों तक सीमित न रहकर ड्रग नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुंचने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस द्वारा तीन चरणों में कार्ययोजना तैयार की जा रही है। पहले चरण में अपराधियों का डाटा संकलन, डोजियर तैयार करना और ड्रग रूट की पहचान की जाएगी। दूसरे चरण में चिन्हित आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी। तीसरे चरण में जनजागरूकता पर जोर देते हुए “नशे से दूरी है जरूरी-2.0” अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर क्षेत्र को ड्रग फ्री जोन घोषित करने, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और अन्य राज्यों के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ जिले में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और अभियान लगातार जारी रहेगा।













