नवानगर थाने के पास खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, जलकर हुआ खाक; 5 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

सिंगरौली: सिंगरौली जिले के नवानगर इलाके में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। यहाँ सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही देर में जलकर पूरी तरह खाक हो गया। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
थाना परिसर तक आग फैलने का था डर
यह घटना शनिवार दोपहर तकरीबन 2 बजे नवानगर थाना परिसर की बाउंड्री के बिल्कुल पास हुई। आग की तीव्रता और लपटों को देखकर यह आशंका जताई जा रही थी कि आग कहीं थाना परिसर तक न फैल जाए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पांच दमकल गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग हरकत में आ गए। सूचना पर तत्काल दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग को आगे फैलने से रोका जा सका।
शॉर्ट सर्किट होने की आशंका
नवानगर थाना प्रभारी अनिल पटेल ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल फायर ब्रिगेड को बुला लिया गया था। उन्होंने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आग किसी शॉर्ट सर्किट या ट्रक में किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण लगी होगी।
पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।













