ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नई शिक्षा नीतियों से बदल रही पढ़ाई की तस्वीर: विश्वामित्र पाठक

देवसर के सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय में प्रवेशोत्सव, छात्रों का अभिनंदन और योजनाओं का लाभ वितरण

सिंगरौली। “स्कूल चले हम” अभियान के तहत सिहावल विधानसभा क्षेत्र के सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवसर में छात्र अभिनंदन एवं प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और साइकिल वितरित कर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कराई गई। पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

विधायक विश्वामित्र पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नई शिक्षा नीतियों के चलते सरकारी स्कूलों में सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है।

उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में कक्षा 5वीं और 8वीं में उत्तीर्ण छात्रों का हल्दी-अक्षत से तिलक कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य लाला सिंह, मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी, एसडीओ अरुण द्विवेदी, व्याख्याता सीपी प्रजापति, डॉ. मंगलेश्वर चतुर्वेदी सहित शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button