मध्य प्रदेशसिंगरौली

नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक व प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न

सिंगरौली। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली द्वारा नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं की जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण कार्यशाला चितरंगी के कुडैनिया उद्यानिकी विभाग परिसर में आयोजित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जिसमें योजनाओं की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कृष्णकांत द्विवेदी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संभाग समन्वयक रीवा प्रवीण पाठक ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीओ रामसेवक कोल, जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक ने नवांकुर संस्थाओं द्वारा जनवरी से मार्च तक किए गए कार्यों की समीक्षा की और कार्यों में और अधिक सक्रियता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के दूसरे चरण को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी संस्थाएं अपने-अपने सेक्टर में जल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता दें। साथ ही जुलाई-अगस्त में पौधारोपण के लिए अभी से नर्सरी तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं परामर्शदाताओं ने अपने-अपने कार्यों की जानकारी साझा की। बैठक में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में नवांकुर संस्था के सदस्य, परामर्शदाता एवं सोशल इंटर्न उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक विकास कार्यों को गति देना और जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।

Author

Related Articles

Back to top button