मध्य प्रदेशसिंगरौली

कबाड़ बाजार में भीषण आग: 4 दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान

गुरंदी बाजार में सुबह लगी आग ने लिया विकराल रूप, दमकल की 6 गाड़ियों ने पाया काबू

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के व्यस्ततम गुरंदी कबाड़ बाजार में रविवार सुबह अचानक लगी आग ने अफरा-तफरी मचा दी। सुबह करीब 9 बजे एक कबाड़ दुकान से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते 3 से 4 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में धुआं फैल गया और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब 6 दमकल वाहनों की मदद से फायर फाइटर्स ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

बताया जा रहा है कि रविवार होने के कारण बाजार में भीड़ अधिक थी, लेकिन समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button