जर्जर पुलिया पर दौड़ रहे भारी वाहन, हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?
सहूआर गांव में महानदी पर बनी पुलिया की नींव खोखली, देवसर–सरई–निवास मार्ग पर बढ़ा खतरा

सिंगरौली।जिले के सहूआर गांव में महानदी पर बनी पुलिया की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की अनदेखी जारी है। देवसर से सरई और निवास को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर रोजाना भारी वाहन गुजर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पुलिया के नीचे की कंक्रीट स्लैब पूरी तरह टूट चुकी है और कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। पिलरों के नीचे से मिट्टी बह जाने के कारण इसकी नींव खोखली हो गई है। लगातार हो रहे कटाव और रखरखाव की कमी ने पुलिया को बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंचा दिया है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद प्रशासन ने न तो भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई है और न ही मरम्मत का कोई ठोस कार्य शुरू किया गया है। ऐसे में हर गुजरता वाहन इस पुलिया की उम्र को और कम कर रहा है और हादसे की आशंका बढ़ा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने और पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।













