एनटीपीसी वीवा क्लब विंध्यनगर बना चैंपियन, स्केटिंग प्रतियोगिता में दिखा प्रतिभा का दम

सिंगरौली। 5वीं जिला स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 5 अप्रैल 2026 को विंध्यनगर स्थित एनटीपीसी वीवा क्लब में भव्य रूप से संपन्न हुआ। मार्शल आर्ट एंड ऊर्जांचल स्केटिंग एसोसिएशन एवं एनटीपीसी वीवा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले भर से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एनटीपीसी वीवा क्लब के खेल एवं सांस्कृतिक प्रभारी अजय गौतम उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष शक्ति मौर्य ने की।
निर्णायक मंडल में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खुशबू साकेत सहित अन्य निर्णायकों ने निष्पक्ष निर्णय दिया। प्रतियोगिता में एनटीपीसी वीवा क्लब विंध्यनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 स्वर्ण, 11 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं सिंगरौली (मोरवा) की टीम 16 स्वर्ण, 14 रजत और 19 कांस्य पदकों के साथ द्वितीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन एसोसिएशन के तकनीकी निदेशक गणेश सिंह विशाल द्वारा किया गया। प्रतियोगिता ने जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हुए युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया।













