जरहा पंचायत में निःशुल्क नेत्र शिविर, 18 मरीजों का सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन
मिश्रा पॉली क्लीनिक एवं नर्सिंग होम की पहल, अब तक 300 से अधिक मरीजों को मिल चुकी है नई रोशनी

सिंगरौली :जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिश्रा पॉली क्लीनिक एवं नर्सिंग होम बैढ़न द्वारा जरहा पंचायत (म्योरपुर) में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं चयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 40 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें 18 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाए जाने पर उन्हें ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।चयनित सभी 18 मरीजों का सफल एवं सुरक्षित मोतियाबिंद ऑपरेशन संपन्न कराया गया। ऑपरेशन के बाद मरीजों को बेहतर दृष्टि मिलने से उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है।
संस्था के संचालक डॉ. डीके मिश्रा ने बताया कि जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को नेत्र संबंधी बेहतर उपचार उपलब्ध कराना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। इसी उद्देश्य के तहत समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इस सेवा कार्य में डॉ. एस. श्रीवास्तव, डॉ. बी.सी. सिंह, शिवेंद्र नामदेव एवं नर्सिंग स्टाफ के अब्दुल कलाम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्था द्वारा अब तक 300 से अधिक सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जा चुके हैं। संस्था की इस पहल से जरूरतमंद मरीजों को न केवल बेहतर उपचार मिल रहा है, बल्कि उनके जीवन में फिर से रोशनी लौट रही है।













