नगर निगम की अनियमितताओं पर कांग्रेस का हमला, 10 अप्रैल को घेराव की चेतावनी

सिंगरौली। नगर निगम की कथित अनियमितताओं और किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम सिंगरौली में भ्रष्टाचार व्याप्त है। शहर की सड़कें जर्जर हैं, सरकारी प्लॉटों का अनैतिक आवंटन हो रहा है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कचरा उठाने वाली गाड़ियां नियमित नहीं चल रहीं, जिससे शहर में गंदगी फैली हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने D2 आवास पर अवैध कब्जा नहीं हटाने और अवैध शराब दुकानों के संचालन जैसे मुद्दों को भी उठाया। साथ ही प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए किसानों की समस्याओं को गंभीर बताया गया। उनका कहना था कि गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया सही तरीके से शुरू नहीं होने से किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं और कर्ज के बोझ से दब रहे हैं।
इसके अलावा स्मार्ट मीटर को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मीटर तेजी से चल रहे हैं, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने 10 अप्रैल 2026 को नगर निगम कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।प्रेस वार्ता में ज्ञानेंद्र द्विवेदी, रामअशोक शर्मा, विजय सिंह, सुरेश दुबे, नरेंद्र चंद्र सिंह, अनिल सिंह, राघवेंद्र श्रीवास्तव, पंकज पांडेय और सुदामा कुशवाहा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।













