मध्य प्रदेशसिंगरौली

खुले कुओं में गिर रहे पशु, सिंगरौली में बढ़ रहीं घटनाएं; प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग

सिंगरौली। जिले में खुले कुओं में पशुओं के गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे न केवल पशुओं की जान पर खतरा मंडरा रहा है, बल्कि यह प्रशासनिक लापरवाही पर भी सवाल खड़े कर रहा है। हाल ही में नवांनगर क्षेत्र की एक रेस्क्यू घटना सुर्खियों में रही थी, लेकिन इसके बावजूद ऐसे हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है।

ताजा मामला बरगवां क्षेत्र का है, जहां एक सांड खुले कुएं में गिर गया। सूचना मिलते ही गौसेवा संस्थान की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके अगले ही दिन वैढ़न स्थित सत्या होटल के पास एक और पशु के कुएं में गिरने की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में चिंता और बढ़ गई।

इन दोनों घटनाओं में गौसेवा संस्थान और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। नगर निगम के अशोक त्रिपाठी ने हर बार की तरह महत्वपूर्ण सहयोग दिया। वहीं संस्थान की युवा टीम—राहुल, दीपक, नितिन सहित स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि खुले पड़े कुओं को तत्काल ढंकने या सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।

Author

Related Articles

Back to top button