सपनों को मिली उड़ान: अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से डीएवी खनुआ के बच्चे पहुंचे सैनिक स्कूल रीवा

सिंगरौली। जिले के ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक पहल के तहत अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से डीएवी स्कूल खनुआ के छात्र-छात्राओं का सैनिक स्कूल रीवा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कक्षा चौथी से आठवीं तक के 30 विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण में भाग लिया। सैनिक स्कूल रीवा में उन्होंने वहां के अनुशासित माहौल, पढ़ाई की पद्धति और कैडेट जीवन को करीब से देखा। इस दौरान विद्यार्थियों को शारीरिक फिटनेस, टीमवर्क, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशलों की व्यवहारिक जानकारी मिली।
कलेक्टर गौरव बैनल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह भ्रमण उनके लिए नई दिशा तय करने का अवसर है। वहीं एसपी मनीष खत्री ने इसे व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवेश से आने वाले बच्चों को सैनिक जीवनशैली, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता से परिचित कराना है। साथ ही अदाणी फाउंडेशन द्वारा चयनित विद्यार्थियों को सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा के लिए निःशुल्क कोचिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास, मेस, शैक्षणिक भवनों के साथ-साथ खेलकूद, घुड़सवारी और बाधा दौड़ जैसी सुविधाओं का अवलोकन किया। यह अनुभव न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि बच्चों के मन में भारतीय सेना के प्रति सम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना भी जागृत हुई।
कार्यक्रम में डीएवी स्कूल खनुआ के शिक्षक, एपीएमडीसी के अधिकारी एवं अदाणी समूह के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।













