ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जनसुनवाई में 265 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर ने मौके पर कई समस्याओं का कराया समाधान

 

सिंगरौली। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 265 आवेदकों ने अपनी समस्याएं कलेक्टर गौरव बैनल के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में समाधान के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम चिनगी टोला निवासी आनंद लाल बैगा ने संबल कार्डधारी मृतक पत्नी की अनुग्रह राशि दिलाने की मांग की। वहीं ग्राम पंचायत चाचर के रामराज कोल, प्रेमलाल, रिंकू और रामनरेश ने आदिवासी बस्ती में नए हैंडपंप खनन के लिए आवेदन दिया।

चितरंगी क्षेत्र के दिव्यांग मोहम्मद नाईम ने ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग रखी, जबकि राजेंद्र प्रसाद बसोर (दुधमनिया) ने किसान सम्मान निधि पुनः शुरू कराने की गुहार लगाई। सरईझर निवासी रविंद्र सिंह ने बीपीएल सूची में नाम दर्ज कर खाद्यान कूपन जारी करने की मांग की।

इसी तरह कोयलखूथ के सुब्बालाल शाह ने जमीन का सीमांकन व नक्शा तरमीम कराने, चिनगी टोला के बिहारी बैगा ने पेयजल व सिंचाई के लिए कूप खनन, पियासी यादव व रजमुन ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।

धौरहवा के त्रिलोक सिंह ने मकान निर्माण सहायता, निगाही निवासी अखिलेश कुमार शाह ने डीएवी स्कूल में प्रवेश, बड़ोखर के ललई साकेत ने भूमि संबंधी विवाद के समाधान की मांग रखी। वहीं सरई निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता ने बीपीएल सूची में नाम जोड़ने का आवेदन दिया। कुछ ग्रामीणों ने अपने गांव में विद्युतीकरण की मांग भी उठाई।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में हल किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान संयुक्त कलेक्टर संजीव पांडेय, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, डिप्टी कलेक्टर माइकल तिर्की सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button