नाली निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा, मशीन की चपेट में आने से युवक की मौत

सिंगरौली। जिले के सरई नगर परिषद क्षेत्र में रेलवे स्टेशन रोड पर नाली निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर गिट्टी मिक्सिंग मशीन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी राजेश मिश्रा निर्माण स्थल के पास मौजूद थे, तभी नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे कार्य के दौरान गिट्टी मिक्सिंग मशीन अचानक अनियंत्रित होकर उनके ऊपर चढ़ गई। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सरई अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बैढ़न के लिए रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर नाराजगी जताई और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आ रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।













