देवसर विधानसभा में तीन सड़कों का भूमि पूजन, करोड़ों की सौगात से गांवों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित होने वाली तीन महत्वपूर्ण सड़कों का भूमि पूजन किया। यह कार्यक्रम गड़ाखाड़, खोखरी, गुदरी खोली एवं सुहिरा क्षेत्रों में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
विधायक मेश्राम ने बताया कि चौरा से रैला बाया सुखरानाला तक सड़क निर्माण के लिए 365.35 लाख रुपए, गड़ाखाड़ नाला से सुहिरा पहुंच मार्ग के लिए 374.37 लाख रुपए तथा कुड़िया नाला गोदाम से सुहिरा पहुंच मार्ग तक सड़क निर्माण के लिए 337.45 लाख रुपए की लागत स्वीकृत की गई है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से गांवों का आपसी संपर्क मजबूत होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। लंबे समय से इन मार्गों के निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होती नजर आ रही है।इस अवसर पर विधायक ने “गांव चलो अभियान” के तहत विभिन्न गांवों में पहुंचकर जनसंपर्क भी किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।













