ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

किसानों के समर्थन में 10 अप्रैल को जिला कांग्रेस व किसान कांग्रेस करेगी विशाल धरना-प्रदर्शन, कई मुद्दों पर होगा आंदोलन

सिंगरौली। जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर 10 अप्रैल को एक बड़ा आंदोलन आयोजित किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी एवं जिला किसान कांग्रेस सिंगरौली के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से धरना-प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसको लेकर किसान कांग्रेस ने अधिक से अधिक संख्या में किसानों और पदाधिकारियों से शामिल होने की अपील की है।


किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज दुबे ने बताया कि इस आंदोलन के जरिए किसानों से जुड़े कई प्रमुख मुद्दों को उठाया जाएगा। उन्होने कहा कि गेहूं खरीदी में लगातार देरी हो रही है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उपज का समय पर भुगतान नहीं होने से आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

प्रदर्शन में गेहूं की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सुनिश्चित करने, खरीदी केंद्रों को तत्काल शुरू करने और केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था करने की मांग की जाएगी। इसके अलावा खरीदी की लिमिट समाप्त करने और सोसायटी ऋण भुगतान की तिथि बढ़ाने की भी मांग प्रमुख रूप से उठेगी।

कांग्रेस के जिलाअध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने यह भी मुद्दा उठाया है कि मूंग और मसूर की खरीदी भी एमएसपी पर की जाए। वहीं हाल ही में ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का उचित मुआवजा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या के समाधान की मांग भी आंदोलन का हिस्सा होगी।

उन्होनेे कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने जिले भर के किसानों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें।

Author

Related Articles

Back to top button