वैढ़न–विंध्यनगर और नवजीवन विहार–तेलगवां मुख्य मार्ग निर्माण को मिली मंजूरी, जल्द शुरू होगा काम

सिंगरौली। शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वैढ़न–विंध्यनगर मुख्य मार्ग सहित नवजीवन विहार से तेलगवां वार्ड तक सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजीव चौक माजन मोड़ से इंदिरा चौक होते हुए नवजीवन विहार तक करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा। यह ठेका शिव शंकर इलेक्ट्रिकल (मेवालाल शाह) को प्रदान किया गया है। यह मार्ग शहर के व्यस्ततम हिस्सों को जोड़ता है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है।
इसके अलावा नवजीवन विहार से तेलगवां वार्ड तक सड़क निर्माण का कार्य भी स्वीकृत किया गया है, जिसकी लागत लगभग 4 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह कार्य एनटीपीसी के माध्यम से कराया जाएगा। जानकारी के मुताबिक इस सड़क निर्माण के लिए वार्ड 36 के कांग्रेस पार्षद प्रेम सागर मिश्रा द्वारा लगातार प्रयास किए गए थे। उन्होंने एनटीपीसी विंध्यनगर को कई बार पत्राचार कर सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। इतना ही नहीं, पार्षद द्वारा अपने स्तर पर भी सड़क की मरम्मत कराई गई थी।
स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद एनटीपीसी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए टेंडर प्रक्रिया पूरी की। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य आगामी एक सप्ताह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा।
सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और लोगों को खराब सड़कों व उड़ती धूल से राहत मिलेगी। उल्लेखनीय है कि गैस पाइपलाइन और सीवर लाइन के कार्यों के चलते लंबे समय से सड़क निर्माण प्रभावित था, जो अब पूरा होता नजर आ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।













