ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अवैध शराब और गांजा बिक्री के खिलाफ बगदरा में प्रदर्शन, एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना अंतर्गत बगदरा पुलिस चौकी क्षेत्र में अवैध शराब और गांजा बिक्री के विरोध में भगवती मानव कल्याण संगठन ने प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के नाम ज्ञापन सौंपकर इस अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

संगठन का आरोप है कि क्षेत्र के कई गांवों में अवैध रूप से शराब और गांजा की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। कुछ ठेकेदार लाइसेंस का दुरुपयोग करते हुए किराना दुकानों और गुमटियों के माध्यम से शराब की सप्लाई कर रहे हैं, जिससे नशे का दायरा लगातार फैल रहा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि इस अवैध कारोबार के चलते क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं और सामाजिक माहौल भी खराब हो रहा है। खासतौर पर युवा और स्कूली बच्चे नशे की चपेट में आ रहे हैं, वहीं महिलाओं की सुरक्षा पर भी इसका असर पड़ रहा है।

संगठन ने बताया कि वह लंबे समय से “नशामुक्त सिंगरौली – खुशहाल सिंगरौली” अभियान चला रहा है, लेकिन अवैध नशे के कारोबार के कारण इस अभियान को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बगदरा चौकी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।ज्ञापन के साथ उन गांवों की सूची भी सौंपी गई है, जहां अवैध शराब और गांजा बिक्री की शिकायतें सामने आई हैं।

Author

Related Articles

Back to top button