मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिले के शासकीय विद्यालयों में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान संचालित

सिंगरौली/ जिले में कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत शासकीय विद्यालयों में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य 14 से 15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करना है जिले के सभी विकासखण्डों में संचालित शासकीय विद्यालयों में यह विशेष टीकाकरण अभियान जारी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। अभियान के दौरान छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन के लाभों के बारे में जागरूक करने के लिए विद्यालयों में सकारात्मक वीडियो और जानकारी साझा की जा रही है। इससे छात्राओं में टीकाकरण के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ रहा है।

अभियान के तहत आज बैढ़न विकासखण्ड के उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न एवं कन्या विद्यालय बैढ़न में टीकाकरण किया गया। इसी प्रकार देवसर विकासखण्ड के उत्कृष्ट विद्यालय देवसर और कन्या विद्यालय देवसर तथा चितरंगी विकासखण्ड के उत्कृष्ट विद्यालय चितरंगी और झागरोहा में निर्धारित आयु वर्ग की छात्राओं को वैक्सीन दी गई।

 

नोडल अधिकारी वैक्सीनेशन कविता त्रिपाठी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों में कम उम्र से ही रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करना तथा भविष्य में कैंसर के मामलों को कम करना है। उन्होंने आगे जानकारी दी कि 9 अप्रैल को बैढ़न विकासखण्ड के गढ़हरा और तियरा, देवसर के बरगवां और उज्जैनी तथा चितरंगी के गोरबी कालरी और खरकटा में शिविर आयोजित कर टीकाकरण किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button