इंश्योरेंस कंपनी मैनेजर पर जानलेवा हमला, तीन बदमाशों ने ऑफिस में मचाया तांडव

सिंगरौली। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र में तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक इंश्योरेंस कंपनी के कार्यालय में घुसकर मैनेजर पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में मैनेजर आकाश चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल को आरोपियों ने ऑफिस में घुसकर दो महिला कर्मचारियों को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया और एक केबिन में बंद कर दिया।
इसके बाद उन्होंने मैनेजर पर बेरहमी से हमला किया, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया और शरीर पर कई चोटें आईं। हमलावरों ने बाहर खड़ी चार पहिया वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी पिछले तीन दिनों से रेकी कर रहे थे। नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में व्यापारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है।













