कोयला चोरी का भंडाफोड़, पिकअप वाहन जब्त; आरोपियों की तलाश जारी

सिंगरौली। जिले में कोयला माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुरक्षा टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की झिगुरदह खदान के पास अवैध कोयला परिवहन करते एक पिकअप वाहन को जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एनसीएल को लगातार कोयला चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद निगरानी बढ़ाई गई। देर रात सुरक्षा टीम ने एक संदिग्ध पिकअप को रोककर जांच की, जिसमें लदा कोयला अवैध पाया गया। चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
प्रारंभिक जांच में वाहन का संबंध स्थानीय स्तर पर सक्रिय कथित कोयला माफिया से जुड़ा बताया जा रहा है। आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से खदानों से कोयला चोरी कर बाजार में बेच रहा था।
मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।













