स्कूलों के पास शराब दुकान पर बवाल: चितरंगी में लोगों का फूटा आक्रोश

सिंगरौली- नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित मंत्री तिराहा पर संचालित एक लाइसेंसी शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। यह दुकान कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और सरस्वती विद्यालय के बेहद करीब होने के कारण विवाद का विषय बन गई है।
स्थानीय लोगों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि स्कूलों के आसपास शराब दुकान का संचालन नियमों के विरुद्ध है। प्रतिदिन छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, ऐसे में दुकान के बाहर लगने वाली भीड़ और अव्यवस्था से बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही मंत्री तिराहा क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति भी बनी रहती है।
नागरिकों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अभिभावकों ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के पास शराब दुकान का संचालन बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और प्रशासन को इस मामले में जल्द से जल्द सख्त कदम उठाना चाहिए। अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।













