मोरवा के आदि शक्ति बूढ़ी माई मंदिर में चोरों का आतंक, चांदी का चरण चिन्ह चोरी
इससे पूर्व चोरी हुई मां की नथुनी का नहीं मिला सुराग

सिंगरौली; जिले के मोरवा वार्ड क्रमांक 5 स्थित धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र आदि शक्ति बूढ़ी माई मंदिर में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है।गुरुवार दोपहर करीब 3:00 बजे अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसे और मां के चांदी के चरण चिन्ह को चोरी कर फरार हो गए।मंदिर के पुजारी सरजू बैश्य ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर लगभग 2:00 बजे तक चरण चिन्ह अपने स्थान पर सुरक्षित रखा हुआ था, लेकिन जब वे शाम के समय मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मां का चांदी का चरण चिन्ह वहां से गायब है।
इस घटना से मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल बन गया है।पुजारी ने आगे बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चार माह पूर्व मंदिर से मां की नथुनी चोरी हो चुकी है। उस समय मंदिर समिति द्वारा मोरवा थाने में नामजद मनोज साकेत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।वर्तमान चोरी की घटना की सूचना मंदिर समिति के द्वारा मोरवा थाने में दी गई है।
धार्मिक स्थान पर बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। मंदिर समिति के लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।मंदिर के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने भी लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है।













