सड़क और नाली निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोप, ठेकेदार ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर एक मामला सामने आया है, जिसमें ठेकेदार द्वारा अनियमितता और भुगतान में देरी के आरोप लगाए गए हैं। जे.डी. एंटरप्राइजेज ने जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर धांसर इंजीनियरिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (DECO) के खिलाफ जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, बांधा (लामिदह) स्थित आर एंड आर कॉलोनी के पैच ‘बी’ में सड़क और नाली निर्माण का कार्य जे.डी. एंटरप्राइजेज को सौंपा गया था। ठेकेदार का कहना है कि उसने निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य को पूरा कर लिया है, लेकिन इसके बावजूद अंतिम माप और भुगतान को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है।

माप प्रक्रिया में देरी और कटौती का आरोप
ठेकेदार ने बताया कि मई 2025 से लगातार माप (Measurement) कराने के लिए अनुरोध किया जा रहा था, लेकिन काफी विलंब के बाद जनवरी 2026 में माप जारी किया गया। आरोप है कि इस माप में वास्तविक कार्य से कम मात्रा दर्शाकर भुगतान में कटौती की गई है।
पूरा कार्य होने के बावजूद ‘अधूरा’ बताया
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप पूरा किया जा चुका है, फिर भी दस्तावेजों में इसे अधूरा दर्शाया गया है। इससे ठेकेदार को आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
ठेकेदार का आरोप है कि निर्माणाधीन डब्ल्यूएमएम (WMM) सड़क पर भारी वाहनों के संचालन की अनुमति नहीं थी, इसके बावजूद भारी ट्रकों का आवागमन हुआ, जिससे सड़क को नुकसान पहुंचा। इस नुकसान को भी ठेकेदार के कार्य में कमी बताकर दिखाया जा रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्री-मानसून माप के अनुरोध को अनदेखा किया गया और बारिश के बाद माप लिया गया। ठेकेदार का आरोप है कि बारिश से हुए कटाव को निर्माण की कमी बताकर माप में कटौती की गई।
कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और भुगतान की मांग
जे.डी. एंटरप्राइजेज ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि:
माप प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
गलत तरीके से की गई कटौती को सुधारा जाए।
लंबित भुगतान शीघ्र कराया जाए।
शिकायत पत्र कलेक्टर कार्यालय में जमा हो चुका है, जिससे मामला प्रशासन के संज्ञान में आ गया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और ठेकेदार को न्याय मिल पाता है या नहीं।













