अक्षय तृतीया पर भव्य रूप से मनाया जाएगा भगवान परशुराम जन्मोत्सव

सिंगरौली। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर इस वर्ष भी भगवान परशुराम जन्मोत्सव भव्य और पारंपरिक रूप से मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और समाज में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
माजन मोड़ शिव मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में समाज के वरिष्ठ विप्रजनों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी जन्मोत्सव को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। वक्ताओं ने इसे केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्वान पुरोहितों द्वारा देवों के देव महादेव और भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना कराई जाएगी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय होगा, जहां श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति का अनुभव करेंगे।
युवाओं में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, जो इस कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बनाएगा। आयोजन समिति के सदस्यों ने इसे यादगार बनाने का संकल्प लिया है।यह पर्व न केवल आस्था को सशक्त करेगा, बल्कि समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश भी प्रसारित करेगा।













