पन्ना में बाघ का हमला: ग्रामीणों की सूझबूझ से महिला की बची जान

पन्ना। पन्ना जिले के महुआ टोला क्षेत्र में एक महिला पर बाघ के हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों की बहादुरी और सूझबूझ के चलते महिला को मौत के मुंह से बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना 9 अप्रैल की शाम की है, जब रामकली आदिवासी (35) अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में महुआ बीनने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनकी टांग जबड़े में दबाकर जंगल की ओर घसीटने लगा।
महिला की चीख-पुकार सुनकर साथ में मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई और भागने के बजाय डंडों से शोर मचाते हुए बाघ को खदेड़ने की कोशिश की। ग्रामीणों के साहस के आगे बाघ घबरा गया और महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वन विभाग के अनुसार घटना विश्रमगंज रेंज के टगर बीट क्रमांक 299 की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल में समूह में जाने की सलाह दी है।













