बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सागर स्टेट हाइवे पर भीषण हादसा: ट्रक ने बोलेरो व बाइक को मारी टक्कर, 4 की मौत, 5 घायल

दमोह। दमोह जिले में सागर स्टेट हाइवे पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांसा तारखेड़ा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले बोलेरो को टक्कर मारी और फिर बाइक को रौंद दिया। इस भीषण दुर्घटना में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो और बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और सागर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

मृतकों में मगरोन गांव निवासी राजू चौधरी और धर्मेंद्र सिरवईया शामिल हैं। वहीं बाइक सवार दो सगे भाई जीवन और सूरज अहिरवार की भी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों भाई अपने छोटे भाई की शादी के लिए गैस सिलेंडर लेने दमोह जा रहे थे, लेकिन घर से कुछ दूरी पर ही हादसे का शिकार हो गए।

बोलेरो चालक टक्कर के बाद स्टीयरिंग में फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। तहसीलदार रोबिन सिंह के अनुसार, हादसा शाम करीब 4:30 बजे गुलाब बाबा मंदिर के पास हुआ।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button