वार्ड 38 ढोटी में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का महापौर ने किया निरीक्षण

सिंगरौली- नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 38 तुलसी ढोटी स्थित श्री राम कॉलोनी में चल रहे पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल द्वारा किया गया।
इस दौरान वार्ड पार्षद एवं अपीलीय समिति सदस्य अनिल कुमार बैस, खुर्शीद आलम भी मौजूद रहे।नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38 तुलसी ढोटी स्थित श्री राम कॉलोनी में श्री बृजेश शुक्ला के घर से लेकर श्री उदय प्रताप सिंह एवं श्री विजय सिंह के घर तक बनाए जा रहे पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का महापौर रानी अग्रवाल ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं मानकों का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इस अवसर पर नगर निगम के संबंधित अधिकारियो सहित महेंद्र सिंह, दीपेश, बृजेश शुक्ला तथा दिवाकर सोनी सहित अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।













