सिंगरौली में जल स्रोत सेवा समागम के तहत श्रमदान और जनजागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

सिंगरौली- जिले में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली, जहां बैढ़न के माड़ा सेक्टर स्थित ग्राम पंचायत जोगियानी के ग्राम बासौडा में तालाब गहरीकरण और सफाई कार्य सम्पन्न हुआ, वहीं चितरंगी विकासखंड में ‘जल चौपाल’ के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।जिले में जल स्रोत सेवा समागम कार्यक्रम के अंतर्गत बैढ़न क्षेत्र के माड़ा सेक्टर में स्थित ग्राम पंचायत जोगियानी के ग्राम बासौडा में तालाब के गहरीकरण एवं गाद सफाई का कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।
यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद सिंगरौली के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बैढ़न सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजीत बरवा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला समन्वयक श्री राजकुमार विश्वकर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा एपीओ अरविंद पांडे, इंजीनियर जोर सिंह, सरपंच प्रतिनिधि गिरिजा प्रसाद बैस, सचिव राम प्रकाश जायसवाल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने श्रमदान कर तालाब की सफाई में योगदान दिया।
इसी क्रम में चितरंगी विकासखंड में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रस्फुटन समिति चतरी द्वारा पंचायत भवन में ‘जल चौपाल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय उपसरपंच द्वारा जल देवता को पुष्प अर्पित कर किया गया।
इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पमालाओं से किया गया।इस अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक विश्वनाथ ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 19 मार्च 2026 को प्रारंभ किया गया है, जो 30 जून तक जनभागीदारी, जागरूकता और श्रमदान के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।यह अभियान जल बचाने की दिशा में एक अनूठी पहल है, जिससे समाज की भागीदारी सुनिश्चित होगी और प्रदेश में जल संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।”कार्यक्रम में संकल्प शक्ति सेवा समिति के सचिव दिलीप गुप्ता, समिति अध्यक्ष रामरक्षा बैस, सचिव धनंजय सहित नवांकुर, मेंटर एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।













