ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बैढ़न के उत्कृष्ट विद्यालय में 10-इंच टेलीस्कोप स्थापित

छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान से मिलेगा सीधा जुड़ाव

सिंगरौली। जिले में विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर गौरव बैनल के प्रयासों से उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न में 10-इंच के दो प्रोफेशनल टेलीस्कोप स्थापित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान का प्रत्यक्ष अनुभव कराना और उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना है।

यह टेलीस्कोप भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के तकनीकी मार्गदर्शन एवं Adani Group के सीएसआर सहयोग से स्थापित किया गया है। संस्थान द्वारा दो वर्षों तक इसका रखरखाव भी किया जाएगा।

टेलीस्कोप की मदद से छात्र अब चंद्रमा के गड्ढों, शनि के वलयों, बृहस्पति की पट्टियों और ओरियन नेबुला जैसे आकाशीय पिंडों का अवलोकन कर सकेंगे। इससे कक्षा में पढ़ाई जा रही थ्योरी को व्यवहारिक रूप में समझने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन की राज्यमंत्री राधा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में टेलीस्कोप का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विधायक राम निवास शाह, राजेन्द्र मेश्राम, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बताया कि शीघ्र ही चितरंगी एवं देवसर विकासखंड के मॉडल विद्यालयों में भी टेलीस्कोप स्थापित किए जाएंगे। साथ ही शिक्षकों को इसके संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे छात्रों को विज्ञान की पढ़ाई और अधिक रोचक व उपयोगी बन सके।

Author

Related Articles

Back to top button