देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बिहार में एनडीए सरकार का शक्ति प्रदर्शन: सम्राट चौधरी ने जीता विश्वास मत, 201 विधायकों का समर्थन

पटना। बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारी बहुमत के साथ विश्वास मत हासिल कर लिया। 243 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए 122 वोट जरूरी थे, लेकिन एनडीए ने 201 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए अपनी मजबूती दिखाई। ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सरकार को बधाई दी।

विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए पिछले दो दशकों से बिहार में सुशासन के लिए काम कर रहा है। उन्होंने किसानों और महिलाओं के कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, अपराध और सांप्रदायिकता के खिलाफ सख्त रुख जारी रहेगा। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व को विकास की आधारशिला बताया।

वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नीतीश कुमार की राजनीतिक भूमिका को कमजोर किया है और राज्य में बार-बार सरकार बदलना चिंता का विषय है।

बतौर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहली बार सदन पहुंचे, जहां एनडीए विधायकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाते हुए आत्मविश्वास के साथ सदन में प्रवेश किया।

गौरतलब है कि छह महीने के भीतर यह दूसरा मौका है जब एनडीए सरकार को बहुमत साबित करना पड़ा। अब विश्वास मत मिलने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता साफ हो गया है, जिसकी घोषणा जल्द होने की संभावना है।

Author

Related Articles

Back to top button