मॉडल विद्यालय के पास पलटा रेत से भरा हाईवा, बाल-बाल बचीं 9 जिंदगियां

सिंगरौली। जियावन क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मॉडल विद्यालय के पास रेत से लोड एक हाईवा (UP 63 BT 3879) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि महज कुछ कदम की दूरी ने एक ही परिवार के 9 लोगों को सुरक्षित बचा लिया।
हादसे के समय पास ही रहने वाले कौशल कोल, उनकी पत्नी ऐतवारिया कोल और परिवार के अन्य सदस्य—दीपू, मन्नू, रानी व देवकली सहित कुल 9 लोग घर के अंदर मौजूद थे। हाईवा उनके घर के बेहद करीब पलटा। यदि वाहन थोड़ा और आगे बढ़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इसी दौरान पास में एक बारात भी आई हुई थी। बताया गया कि कुछ महिलाएं द्वार पूजा में मजदूरी कर लौटने के बाद पास के सार्वजनिक हैंडपंप पर पानी लेने पहुंची थीं। तभी अचानक हाईवा पलट गया। गनीमत रही कि महिलाएं समय रहते वहां से हट गईं, जिससे एक और बड़ी दुर्घटना टल गई।
हादसे में सार्वजनिक हैंडपंप क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी हैंडपंप से मोहल्ले के सैकड़ों लोग रोज पानी लेते थे। इसके टूटने से क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हाईवा रेत से ओवरलोड था, जिससे संतुलन बिगड़ गया और हादसा हुआ। हालांकि चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और देर रात तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। इस घटना ने एक बार फिर ओवरलोडिंग और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, हैंडपंप टूटने से उत्पन्न जल संकट ने प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।













