विश्व पृथ्वी दिवस पर अदाणी फाउंडेशन का जागरूकता अभियान, छात्रों ने दिखाया उत्साह

सिंगरौली। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर अदाणी फाउंडेशन ने पर्यावरण विभाग के सहयोग से सरई तहसील के धिरौली, सुलियरी परियोजना क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में व्यापक पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस दौरान बासी बेरदाहा, धिरौली और डोंगरी के शासकीय माध्यमिक विद्यालयों में चित्रकला और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग और वृक्षारोपण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
‘हमारी शक्ति, हमारा ग्रह’ थीम पर आधारित इस आयोजन में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। ड्राइंग प्रतियोगिता में कक्षा 8 के देवचंद्र सिंह प्रथम, कक्षा 6 के पारस सिंह द्वितीय और कक्षा 7 की ममता सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं निबंध प्रतियोगिता में धिरौली की शिवानी नाई और डोंगरी के अनूप कुमार साह को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के तहत धिरौली और डोंगरी के विद्यालय परिसरों तथा बेलवार गांव में 50 से अधिक पौधों का रोपण भी किया गया। अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण जागरूकता, जैव विविधता संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज को सतत और जिम्मेदार जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।













