रात्रि में बस स्टैंड का औचक निरीक्षण: गंदगी पर सख्त आयुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस, निरीक्षक के निलंबन के निर्देश

सिंगरौली। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने गुरुवार देर रात शहर के प्रमुख बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं में गंभीर कमियां मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
बस स्टैंड परिसर में फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति पर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने उपायुक्त आर.पी. बैंस को स्वास्थ्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा संबंधित स्वच्छता निरीक्षक को निलंबित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सुलभ शौचालय की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर आयुक्त ने नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता और रखरखाव बेहतर करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।
बस स्टैंड में अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था पर भी आयुक्त ने चिंता जताई और अंधेरे वाले स्थानों पर तत्काल अतिरिक्त लाइट लगाने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही मल्हार पार्क के सौंदर्यीकरण हेतु पेंटिंग कार्य कराने को कहा गया।
स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए आयुक्त ने डेली स्वच्छता वाहनों से नियमित अनाउंसमेंट कराने और बस स्टैंड की सभी दुकानों में डबल डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए, ताकि कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों और दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री संतोष पांडे, उपायुक्त आर.पी. बैंस, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।













