निजी स्कूलों की मनमानी चरम पर: जिला आदेश के बावजूद स्कूल बंद, अभिभावक परेशान

सिंगरौली। जिले में भीषण गर्मी के बीच स्कूल समय को लेकर जारी प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम अनदेखी सामने आ रही है। निजी विद्यालयों की मनमानी के चलते न सिर्फ बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि अभिभावकों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
जिला प्रशासन ने 17 अप्रैल को आदेश जारी कर स्कूलों का समय सुबह 7:30 से 12:30 तक निर्धारित किया था। इसके बाद बढ़ते तापमान को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के बच्चों के लिए 24 से 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया गया, जबकि कक्षा 6 से 12वीं तक स्कूल संचालित रखने के निर्देश दिए गए।
इसके बावजूद निवास संकुल क्षेत्र के आदर्श सरस्वती हाई सेकेंडरी स्कूल में निर्धारित समय पर ताला लटका मिला। इससे स्पष्ट है कि विद्यालय प्रबंधन प्रशासनिक आदेशों को नजरअंदाज कर अपनी मर्जी चला रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बंद रहने के बावजूद पूरे महीने की फीस वसूली जा रही है, जिससे अभिभावकों में नाराजगी है। पूर्व में भी इस स्कूल की शिकायतें जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंच चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे निजी स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।













