नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा की पत्रकार वार्ता, कांग्रेस पर लगाए आरोप

सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय सिंगरौली में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सीधी विधायक रीति पाठक ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण विधेयक लेकर आई थी, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विरोध के कारण इसे पारित नहीं होने दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस अधिनियम से महिलाओं, विशेषकर बड़े वर्ग को आरक्षण का लाभ मिल सकता था, लेकिन विपक्ष की राजनीति के चलते वे इससे वंचित रह गईं।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने भी कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों को लेकर उनकी नीयत स्पष्ट नहीं है और यह कदम महिलाओं के साथ अन्याय है।
इस अवसर पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला वर्मा, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और पत्रकार उपस्थित रहे।













