बढ जाता है कैंसर का खतरा खाली पेट गर्म चाय पीने से

पोल खोल पोस्ट
ताजा अध्ययन में खुलासा हुआ है कि खाली पेट अत्यधिक गर्म चाय या कॉफी का सेवन करने से एसोफैजियल कैंसर यानी फूड पाइप का कैंसर होने का खतरा कई गुना बढ़ सकता है।
शोधकर्ताओं का कहना है कि जब हम बहुत ज्यादा गर्म पेय पदार्थ पीते हैं, तो यह फूड पाइप की नाजुक कोशिकाओं को लगातार नुकसान पहुंचाता है। गर्मी के कारण वहां की परत बार-बार क्षतिग्रस्त होती है और लंबे समय तक यही नुकसान कैंसर का रूप ले लेता है।
यह कैंसर फूड पाइप में होता है, जो गले और पेट को आपस में जोड़ता है। यही वह नली है जिससे होकर खाना और पानी पेट तक पहुंचता है। रिसर्च में पाया गया कि रोजाना आठ से दस कप गर्म चाय या कॉफी पीने वाले लोगों में कैंसर का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है।
यूके बायोबैंक की इस स्टडी में करीब पांच लाख लोगों पर अध्ययन किया गया, जिसे अमेरिका के नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट का भी समर्थन मिला। इसमें यह भी स्पष्ट किया गया कि जितना ज्यादा गर्म पेय होगा, खतरा उतना ही अधिक होगा।
लगातार गर्म तरल पदार्थ फूड पाइप में सूजन और टिश्यू को नुकसान पहुंचाते हैं। धीरे-धीरे यह नुकसान गंभीर रूप ले लेता है और कैंसर की स्थिति पैदा कर सकता है। खास बात यह है कि इस बीमारी की शुरुआती अवस्था में लक्षण साफ तौर पर सामने नहीं आते।
लोग इसे साधारण सीने की जलन, एसिडिटी या खट्टी डकार समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन जब तक सही पहचान होती है, तब तक कैंसर गंभीर स्तर पर पहुंच चुका होता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि एसोफैजियल कैंसर के लक्षणों में भोजन निगलने में कठिनाई, सीने में दबाव या दर्द महसूस होना, लगातार खांसी आना और आवाज में बदलाव शामिल हैं।
बचाव के लिए सबसे आसान उपाय है कि चाय या कॉफी को थोड़ा ठंडा करके पिया जाए। इसके अलावा तंबाकू, शराब और धूम्रपान जैसी आदतें भी इस कैंसर का खतरा कई गुना बढ़ा देती हैं, इसलिए इनसे दूरी बनाना जरूरी है। मोटापा, अस्वस्थ खानपान और शारीरिक गतिविधि की कमी भी जोखिम के बड़े कारण हो सकते हैं।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि जिन लोगों को बार-बार एसिडिटी, सीने में जलन या खांसी जैसी समस्याएं होती हैं, वे लापरवाही न बरतें और तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें। स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर इस बीमारी से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। समय रहते सतर्क रहना ही गंभीर बीमारियों से बचने का सबसे बेहतर उपाय है।
मालूम हो कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोग सुबह की शुरुआत एक कप चाय या कॉफी से करना पसंद करते हैं। कई लोगों के लिए यह आदत सिर्फ ताजगी पाने का साधन नहीं, बल्कि जीवनशैली का अहम हिस्सा बन चुकी है। थकान दूर करने और दिमाग को सक्रिय रखने के लिए दिनभर में कई बार लोग गर्म पेय पदार्थ पीते हैं।













