बिजली चोरी पर सख्त कार्रवाई, अमखेरा और मक्का नगर में छापेमारी
कारखाने और ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट पर मीटर बाईपास कर हो रहा था अवैध उपयोग

भोपाल- जबलपुर में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बिजली चोरी रोकने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर संभाग के अमखेरा और मक्का नगर क्षेत्रों में रात्रि कालीन छापेमारी कर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी गई।
अमखेरा के न्यू रामनगर क्षेत्र में एंब्रॉयडरी कारखाने में जांच के दौरान पाया गया कि मीटर को बाईपास कर सीधे मशीनों में बिजली सप्लाई की जा रही थी। अधिकारियों ने तत्काल कनेक्शन काटते हुए मीटर और अन्य सामग्री जब्त कर ली।
वहीं मक्का नगर के रजा चौक क्षेत्र में ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर भी अवैध तरीके से बिजली उपयोग का मामला सामने आया। यहां तीन फेज कनेक्शन में से दो फेज को डायरेक्ट कर बिजली चोरी की जा रही थी। मौके पर करीब 12 ई-रिक्शा चार्ज होते पाए गए।
अधिकारियों के अनुसार इस तरह की गतिविधियों से विभाग को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है। जब्त सामग्री के आधार पर उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगाया जाएगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।













