जन चौपाल से मजबूत हुआ पुलिस-जन संवाद, समस्याओं का मौके पर समाधान
रीवा जोन के निर्देश पर सिंगरौली में एक साथ थानों-चौकियों में आयोजन, बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

सिंगरौली।रीवा जोन के निर्देश पर मंगलवार को जिले भर में “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। शाम 4 से 6 बजे तक सभी थाना एवं चौकी स्तर पर आयोजित इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक हेमंत चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिले के सभी थाना प्रभारी व चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जन चौपाल लगाकर नागरिकों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
थाना विंध्यनगर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में एसपी मनीष खत्री ने स्वयं सहभागिता कर आमजन से संवाद किया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण जैसे लक्ष्य जनसहयोग से ही प्रभावी रूप से पूरे किए जा सकते हैं। शिकायतों के पंजीकरण के लिए अलग रजिस्टर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, यातायात नियमों के पालन और अपराध की सूचना देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। हेल्पलाइन नंबर 1091, 112 और 1930 की जानकारी भी दी गई।
पुलिस ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत हो और आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।












